पीएलएफआई संगठन की महिला सदस्य गिरफ्तार
चाईबासा | पीएलएफआईकी महिला सदस्य असरिता (20 वर्ष) उर्फ सुगंधिनी बोदरा उर्फ एतवारी बोदरा उर्फ अश्यानी कंडीर को जिला पुलिस ने लेवी के दो लाख रुपए मोबाइल के साथ गिरफ्तार किया है। असरिता मुरहू थाना क्षेत्र के कांकुसी की रहनेवाली है। एएसपी प्रियदर्शी आलोक ने यह जानकारी सदर थाना में सोमवार को संवाददाताओं को दी। उन्होंने बताया कि एसपी नरेंद्र कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि उग्रवादी संगठन पीएलएफआई की महिला सदस्य लेवी के रुपए वसूलकर एरिया कमांडर आसीशन सोय को देने जा रही है। एसपी के निर्देश पर एएसपी ने टीम बनाई और छापेमारी शुरू की। टीम में दो महिला पुलिसकर्मी, बंदगांव थाना प्रभारी डीएपी के जवानों को शामिल किया गया था। टीम ने बंदगांव थाना क्षेत्र के पारंगेर मार्ग के मेरोमगुटू गांव की पुलिया के पास बैग लेकर एक महिला को पैदल जाते देखा। पूछताछ करने और उसके बैग की तलाशी लेने के बाद दो लाख रुपए मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह नक्सली संगठन से जुड़ी है। इसके बाद गिरफ्तार कर लिया गया।