- Hindi News
- पिता पुत्र की हत्या में तीन गिरफ्तार, गए जेल
पिता-पुत्र की हत्या में तीन गिरफ्तार, गए जेल
टोंटोपुलिस ने 6 सितंबर को सेविका सुमित्रा तामसोय के पति ससुर के हत्यारों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया है। आराेपियों में टुरा सवैंया, गुलिया सवैंया एवं दिगम सवैंया का नाम शामिल है। आरोपियों ने पुलिस के समक्ष कानुराम सवैंया एवं जयराम सवैंया की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। यह जानकारी टोंटो थाना प्रभारी शशिभूषण चौधरी झींकपानी थाना के इंस्पेक्टर बालीराम प्रसाद ने सदर थाना में प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों को दी है। इंस्पेक्टर प्रसाद ने घटना की जानकारी देते हुए कहा कि 6 सितंबर को टोंटो के कुईसुता गांव में हेरो पर्व मनाया जा रहा था। लोग पर्व की खुशी में एक दूसरे को बुलाकर खान पान कर रहे थे। इसी क्रम में जब कानूराम सवैंया गुलिया के घर से हड़िया पीकर जाने लगा, तो तीनों आरोपियों ने पीछा करते गांव के बगल झाड़ी के पास डंडे से हत्या करने के बाद शव को झाड़ी में छ़ुपा दिया। उसके बेटे की हत्या भी एक डेढ़ घंटे के बाद इसी तरह से कर दी और शव को झाड़ी में छुपा दिया। रात होने के बाद तीनों ने सखुवा की रस्सी से शव को बारी -बारी से बांधकर तिउनबेड़ा नदी में फेंक दिया।
शव की बरामदगी अब तक नहीं
पिता-पुत्र की हत्या के बाद आरोपियों ने नदी में आई बाढ़ के तेज बहाव में दाेनों शव को फेंक दिया। जिस कारण घटना के 10 दिन के बाद भी पुलिस शव बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस शव को बरामद करने की दिशा में प्रयासरत है। लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी है। हालांकि पुलिस शव को बरामद कर लेने की बात कह रही है।
अारोपियोंने स्वीकारा जुर्म
टोंटोके दोहरे हत्याकांड में गिरफ्तार नामजद आरोपी गुलिया सवैंया ने अपराध स्वीकारते हुए कहा कि पिछले तीन साल से दोनों परिवार के बीच जमीन विवाद का मामला चल रहा था। गुलिया ने पुलिस को बताया कि दाेनों बाप -बेटा ने मिलकर उसकी जमीन काे अवैध कब्जा कर रखा था। कई बार बोलने के बाद भी नहींं माना, तो योजना बनाकर उनकी हत्या कर दी।
टोंटो में हुए पिता-पुत्र की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी।