हॉटगन ऑन कर घर चला गया दुकानदार, लगी आग
पोस्टऑफिस चौक स्थित स्कॉट बालिका विद्यालय परिसर के पास एक मोबाइल दुकान में आग लग गई। इससे दुकानदारों में करीब आधे घंटे तक अफरातफरी मची रही। घटना अपराह्न करीब 3.30 बजे की है। हालांकि आग बुझाने के लिए जब तक अग्निशमक विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक आस- पास के करीब 20 दुकानदारों ने अपने स्तर से आग पर काबू पा लिया। जिस मोबाइल दुकान में आग लगी थी, उसी लाइन में अन्य मोबाइल दुकान फल पूजन सामग्री सहित कुल 20 दुकानें हैं। दुकान के पिछले हिस्से में स्कूल है, जिसमें प्राइमरी हाई स्कूल भी चलता है। इसमें 1000 से भी छात्राएं पढ़ाई करतीं हैं। यदि समय रहते दुकानदारों ने आग बुझाने में तत्परता नहीं दिखाई होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने की इस घटना से दुकान में मरम्मत के लिए रखे 7 मोबाइल जल गई। साथ ही ड्रावर भी जल गया। जानकारी के अनुसार सोनू स्मार्ट मोबाइल के मालिक सोनू मोबाइल की मरम्मत कर रहे थे। रोज की तरह बिजली बार-बार कट रही थी। मरम्मत के लिए वे हाॅटगन का भी उपयोग कर रहे थे। बिजली कटने के बाद वे हाॅटगन को आॅन रखकर भोजन करने के लिए चले गए। इसी बीच बिजली आई और हाॅटगन के संपर्क में आने के कारण रखे कपड़े जलने लगे।