- Hindi News
- शिक्षकों की प्रोन्नति, वेतनमान पदस्थापना की प्रगति पर मंथन
शिक्षकों की प्रोन्नति, वेतनमान पदस्थापना की प्रगति पर मंथन
रविवारको प्रखंड संसाधन केंद्र चक्रधरपुर में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ से संबद्ध झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से प्रखंड स्तर पर महिला स्किल डेवलपमेंट सेमिनार का आयोजन किया गया। जिसका उदघाटन प्रखंड प्रमुख रीता सुंबरुई ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। मौके पर राज्य की महिला चेयरपर्सन शशिकला पूर्ति साधनसेवी के रूप में उपस्थित थीं। इस अवसर पर संघ के राज्य महासचिव ब्रजबिहारी पांडेय ने महिलाओं को संगठन में आगे बढ़कर काम करने का आह्वान किया। श्री पांडेय ने कहा कि संगठन में ग्रास रुट से लेकर देश स्तर पर 30 प्रतिशत महिलाओं के लिए सुरक्षित किया गया है। ताकि हर स्तर पर उन्हें सुविधाएं मिलती रहे। बैठक में सरकारी स्तर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं की प्रोन्नति, वेतनमान एवं पदस्थापना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं विशेष शिक्षिकाओं के पदस्थापना के लिए अलग से नियमावली में संशोधन किए जाने के सरकार के निर्णय की सराहना की गई। शिक्षक-शिक्षिका दोनों समाज के मजबूत केंद्र बिंदु हैं। अत: दोनों को मिल कर काम करना है। इस अवसर पर पिछले दिनों इंस्पायर्ड अवार्ड कार्यक्रम में लापरवाही बरतने पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सह क्षेत्रीय उपशिक्षा निदेशक द्वारा 42 शिक्षकों का वेतन रोके जाने के आदेश पर भी चर्चा हुई। जिस पर श्री पांडेय ने कहा कि जल्द ही स्थगन आदेश में आवश्यक संसोधन कर वेतन निकासी का आदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम को उपाध्यक्ष मंगलेश पाठक, वरीय उपाध्यक्ष श्रवण कुमार मिश्र, जिला अध्यक्ष विश्वनाथ प्रधान, सचिव अनिल कुमार देहुरी, शकील अहमद ने भी संबोधित किया। मौके पर सुशील कुमार पुरती, उपेंद्र प्रसाद, कृष्ण देव शर्मा, अशोक मंडल, अशोक कुमार, कमाख्या प्रसाद साहु, वेदप्रकाश गुप्ता, निर्मल कुमार दूबे, जोन डांग, शाहिद अहमद, मंगलेश पाठक, गुरुप्रसाद साहू समेत काफी संख्या में शिक्षिकाएं मौजूद थीं।
महिला स्किल डेवलपमेंट सेमिनार का उदघाटन करते अतिथिगण।