अधिकारी बरत रहे लापरवाहीः मुखी
चक्रधरपुर | अखिलभारतीय अनुसूचित जाति जनजाति रेलवे कर्मचारी संघ के मंडल सचिव भीम रतन मुखी ने आरोप लगाया है कि चक्रधरपुर रेल मंडल के वाणिज्य विभाग के अधिकारी गलत निर्णय लेकर रेलवे को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के कारनामों से जल्द ही डीआरएम एडीआरएम को अवगत कराया जाएगा। कहा कि अधिकारी अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर निर्णय ले रहे हैं। जिससे रेलवे को क्षति हो रही है। इस संबंध में संघ की एक बैठक विगत दिनों बंडामुंडा शाखा कार्यालय में हुयी थी। जिसमें अधिकारियों के गलत नीतियों का विरोध करने का निर्णय लिया गया। मुखी ने बताया विगत दिनों प्रदूषण से संबंधित मामले में मुख्य वाणिज्य निरीक्षक और बरसुवां स्टेशन मास्टर के कारण रेलवे को नुकसान उठाना पड़ा। कहा इस मामले को संघ ने गंभीरता से लिया है। इसी प्रकार राउरकेला के मुख्य वाणिज्य निरीक्षक टीके मंडल वर्षों से एक ही स्थान पर डटे हैं। नियम के मुताबिक एक समय अवधि के भीतर स्थानांतरण होते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही एससी-एसटी रेलवे कर्मचारी संघ डीआरएम से मिलकर शिकायत दर्ज कराएगा।