200 बच्चों ने दिखाया पेंटिंग में कमाल
दक्षिणपूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (सर्वो) की ओर से एसई रेलवे इंग्लिश मीडियम स्कूल में रविवार को चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में रेलवे के विभिन्न स्कूलों के 200 बच्चों ने अपने सपनों की दुनिया को रंगीन चित्रों में उकेरा। तीन ग्रुप में बंटे बच्चों ने इस दौरान तालाब में तैरते बतख का झुंड, रंग बिरंगे गुब्बारे, मेले में लगा बिजली झूला दुकानें, फुटबॉलर मैसी , रोनाल्डो, क्रिकेटर महेन्द्र सिंह धोनी के सहित कई अन्य चित्र उकेरे। प्रतियोगिता का उद्घाटन सर्वो की अध्यक्ष अल्का अग्रवाल ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सर्वो समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बच्चों के भीतर छुपी प्रतिभा को निखारता रहा है। कहा कि 21 सितंबर को निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। चित्रांकन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रत्येक बच्चे को सर्वों की सदस्यों ने उपहार भी भेंट किया। इस मौके पर सैकड़ों बच्चों सहित सर्वो की सचिव हिना सारस्वत, कोषाध्यक्ष रूपिन्दर कौर सहित सर्वो की सदस्य मौजूद थे।
चित्र बना कर रंग भरती छोटी बच्चियां।