इमरजेंसी में प्रमाणपत्र बनाना बंद
मंगलवारको चक्रधरपुर अंचलाधिकारी नीतू कुमारी के साथ प्रज्ञा संचालकों की बैठक हुई। इसमें सीओ ने कई दिशा-निर्देश दिए। प्रज्ञा केंद्रों के संचालकों को निर्देश दिया कि इमरजेंसी में जाति, आवासीय और आय प्रमाणपत्र निर्गत करना बंद करें।
यदि किसी आवेदनकर्ता को प्रमाणपत्र की बहुत जरूरत है तो वह संबंधित कागजात जमा करें। उन्हें इमरजेंसी में प्रमाणपत्र की क्यों जरूरत है इसकी गहनता से जांच करें। पंचायत स्तर के प्रमाणपत्र निर्गत होने में देरी हो रही है। जिसकी बार-बार शिकायत मिल रही है। पंचायत स्तर के आवेदन को सप्ताह में दो दिन के बजाए तीन दिन प्रखंड कार्यालय लेकर पहुंचे। कर्मचारी से सत्यापन जल्दी होगा तो प्रमाण पत्र निर्गत भी जल्दी होगा। अब सप्ताह में मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को आवेदन लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे प्रज्ञा केंद्र के संचालक।
कर्मचारी पहली पाली में आवेदन का सत्यापन तथा दूसरी पाली में कार्यालय का अन्य कार्य करेंगे। सीओ ने प्रज्ञा केंद्रों के संचालकों को आय प्रमाण पत्र निर्गत करने में सावधानी बरतने को कहा है। इस संबंध में पंचायत प्रतिनिधियों से एक बैठक करने की भी बात कही। बैठक में ब्लॉक हेड अमरेश साहू, संचालक महेश प्रधान, अमरजीत महतो, सुमित्रा तांती, जमवेश्वर प्रधान, देवनाथ मुंडा, मनोज मिश्रा, चिरंजीवी महतो आदि मौजूद थे।
अंचलाधिकारी के साथ बैठक करते प्रज्ञा केंद्र संचालक।