- Hindi News
- दिन में करते पढ़ाई, रात होते ही करते थे चोरी
दिन में करते पढ़ाई, रात होते ही करते थे चोरी
सोनुवाबाजार में पिछले एक साल से हो रही चोरी की घटनाओं को दो नाबालिग सगे भाई अंजाम दे रहे थे। इसका खुलासा पुलिस ने कर दिया है। हरिबल सामड़ मानसिंह सामड़ ने चोरी का लाखों रुपए का सामान घर में ही छुपाकर रखा था, उसे बेचा नहीं था। पुलिस को उन्होंने बताया कि वे दिन में स्कूल जाते थे और रात को जब माता-पिता सो जाते तो सब्बल आरी लेकर साइकिल से सोनुवा बाजार पहुंच जाते थे। पुलिस के समक्ष दोनों ने पांच दुकानों बैंक ऑफ इंडिया में ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकारी है। चक्रधरपुर में पोड़ाहाट के एसडीपीओ प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि दोनों सोनुवा के पास उरनिंया गांव के रहनेवाले हैं। उसके घर से मोबाइल, टीवी, पंखा आदि बरामद किया गया है। घटना का खुलासा करने में सोनुवा थाना के नए पुलिस अंचल निरीक्षक सोहन लाल चाईबासा के तकनीकी सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मोबाइल ट्रैकिंग कर पहले बड़े भाई हरिबल (17) को पकड़ा गया उसके बाद छोटे भाई मानसिंह (12) को पकड़ा गया।
चोरी के सामानों की जांच करती पुलिस।
घर से ये सामान हुए बरामद
दोकंप्यूटर मॉनिटर, एक यूपीएस, सात मोबाइल फोन, एक डीवीडी, एक सीपीयू , आठ बैग, तीन फुटबॉल, 170 सीडी कैसेट, 37 मोबाइल बैट्री, दो माउस, दो सिलिंग फैन, एक टीवी, एक तड़ित चालक, दो मॉनिटर डिस्प्ले, एक क्षतिग्रस्त सीपीयू, दो की बोर्ड, एक डाटा केबल, एक एडॉप्टर,11 शीशी आंवला सरसो तेल, साइकिल का पैडल, तीन कैमरा, ट्यूब, रिंच आदि।
इन दुकानों में किया हाथ साफ
राजेंद्रफोटो स्टूडियो,राजा पत्रकार की मोबाइल दुकान, फिरोज खान की मोबाइल दुकान, बैंक ऑफ इंडिया, सोनुवा बाजार में दो गुमटी में ताला तोड़कर चोरी की है। इसके अलावा पुलिस अन्य घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता का पता लगा रही है।
सालभर से परेशान थी पुलिस
सोनुवापुलिस चोरी की घटनाओं से परेशान थी। आम लोग पुलिस पर नाकामी का आरोप लगाकर सोनुवा बंद तक कर चुके थे। चोरी के मोबाइल पर सिम डालकर चलाने के कारण दोनों भाई पकड़े गए।