चंदन कियारी/भोजूडीह। धनबाद के पाथरडीह लोको बाजार स्थित जीआरपी कलोनी निवासी कलावती कुमारी के साथ नाम बदलकर शादी करने, यौन शोषण करने एवं रुपये हड़पने के मुख्य आरोपी चंदनकियारी के अमलाबाद ओपी क्षेत्र के अन्तर्गत महाल गांव निवासी मंजूर शाह उर्फ दाउद साई उर्फ दीपक कुमार सहित सभी आरोपी परिवार सहित फरार है। वहीं इस घटना से यहां के लोग सकते में हैं। मामले को गंभीरता को देखते हुए अमलाबाद पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है। मगर एक भी आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा है।
कलावती के कथित पति मंजूर शाह उर्फ दीपक के घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। शाह की मां करीमन बीबी के अलावा घर में और कोई नहीं था। पहली पत्नी सकिना बीबी समेत सभी बच्चे नदारद थे। करीमन बीबी ने पत्रकारों को बताया कि पुत्र मंजूर अपने पिता के बदले बीसीसीएल अमलाबाद कोलियरी में अनुकंपा पर कार्यरत है।
मगर वह अब यहां नहीं रहता। वह अपनी ससुराल चंदाहा में रहता है। मगर प्रेमनगर स्थित बीसीसीएल क्वार्टर के बगल में रहने वाले पड़ोसियों ने बताया कि मंजूर यहां बराबर आता है। पड़ोसियों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पूर्व कलावती को मंजूर प्रेमनगर लाया था। मगर यहां उसकी पहली बीबी ने उसे मारपीट कर भगा दिया था। इधर चास डीएसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि मामले के सभी आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टास्क फोर्स गठित कर छापेमारी की जा रही है।