बोकारो. आजादी के 68 साल के बाद भी हमें आज तक बिजली नहीं मिली। हमने तो जैसे-तैसे अपना जीवन काट लिया। लेकिन हमारे बच्चे कैसे रहेंगे। हमें अब और टरकाओ। सरकार हमें हमारा हक दो। हमें बिजली दो। अपने मुहल्ले में बिजली की मांग को लेकर जरीडीह प्रखंड के बहादुरपुर के केवट कुल्ही की महिलाओं ने बहादुरपुर में सुबह 11 बजे से एनएच 320 जाम कर दिया। जाम में बहादुरपुर एवं अनंतपुर के स्थानीय लोगों ने भी समर्थन किया।
जाम कर रहे लोगों ने बताया कि एन एच से आधे किलोमीटर के फासले में स्थित होने के बावजूद भी उन्हें बिजली नहीं मिली है। वर्षों से हम बिजली की मांग कर रहे हैं। ऊर्जा मंत्री राजेन्द्र सिंह से अनुशंसा के बाद भी हमें विभाग रोज टरका रहा है। जाम के दौरान लोग विभागीय पदाधिकारियों के पहुंचने पर आक्रोश में थे।
फोन पर संपर्क करने पर पदाधिकारी धनबाद और चास में होने की बात बता रहे थे। लगभग दो घंटा के बाद जरीडीह थाना प्रभारी अरविंद कुमार, बीडीओ डा. अनवर हुसैन, सीओ हीरेक मन्नान केरकेट्टा, कसमार थाना के हस्तक्षेप कर विभागीय पदाधिकारियों से ग्रामीणों की फोन से वार्ता कराई। वार्ता में बाराडीह पंसस पुष्पा देवी, भाजपा के जरीडीह उपाध्यक्ष मनोज ठाकुर, सतीश राय आदि शामिल थे। विभाग के एसडीई ने तीन-चार दिन के भीतर बिजली सेवा बहाल करने का आश्वासन दिया।