- Hindi News
- माओवादियों का झारखंड बंद जिले में असरदार
माओवादियों का झारखंड बंद जिले में असरदार
लातेहार | नक्सलीसंगठन भाकपा माओवादी द्वारा सोमवार को आहूत झारखंड बंद का लातेहार जिला में व्यापक असर देखा गया। लातेहार जिले के महुआडांड़ बरवाडीह प्रखंड मुख्यालयों की दुकानें पूर्णत: बंद रही। यहां बैंक पेट्रोल पंप में भी ताला लटका रहा। बंद के दौरान जिले की थाना पुलिस एंटीलैंड माइंस वाहन से गश्त लगाती देखी गई।
झारखंड बंद के दौरान रांची-डाल्टनगंज, डाल्टनगंज-महुआडांड़ रांची-चतरा मार्ग पर लंबी दूरी की एक भी वाहनों के नहीं चलने से यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड पर सभी गाडिय़ों का परिचालन पूरे दिन सामान्य रूप से जारी रहा। इधर, सड़क मार्ग पर यात्री बसों के नहीं चलने से यात्री परेशान दिखे। एहतियात के तौर पर जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पुलिस बल के जवान तैनात थे। जिले के चंदवा बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत क्रमश: झारखंड खनिज विकास निगम द्वारा संचालित सिकनी कोल प्रोजेक्ट सीसीएल द्वारा संचालित तेतरियाखांड़ कोलियरी में मातमी सन्नाटा पसरा रहा। लातेहार जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. माइकल राज एस के निर्देश पर लातेहार थाना पुलिस शहर मुख्यालय में दिन भर गश्त लगाती रही। समाचार लिखे जाने तक जिले के किसी भी इलाके से अप्रिय वारदात की सूचना नहीं है।
फोटो नंबर-10
माओवादी बंदी के दौरान सूना पड़ा लातेहार का एनएच 75।