अध्यक्ष कोषाध्यक्ष पर आरोप
डुमरियाके माझी परगना महाल के अध्यक्ष लखन मार्डी तथा कोषाध्यक्ष शिवचरण कुदादा पर महाल के 67 हजार रुपए गबन करने का आरोप लगाया गया है। तरफ परगना महाल, तरफ परानिक तथा अन्य पदाधिकारियों द्वारा देश परगना धाड़ दिशोम माझी परगना महाल घाटशिला को इस संबंध में लिखित शिकायत की गई है। उन दोनों के खिलाफ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई है। आरोप लगाया गया है कि डुमरिया प्रखंड माझी परगना महाल की बैठक पहली दिसंबर 2013 को वन विश्रामागार में हुई थी। बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष लखन मार्डी और कोषाध्यक्ष शिव चरण कुदादा से जब खर्च का हिसाब मांगा गया तो वे आनाकानी करने लगे। साथ ही 13 फरवरी 2013 को हिसाब दिखाने की तिथि तय की गई। पर उस दिन भी हिसाब नहीं दिखाया गया। उस क्रम में माझी, नायेक, भोड़ेत, पारानिक और पारगना के लोगों को घोटाले की आशंका हुई। सदस्यों द्वारा लखन मार्डी को अध्यक्ष पद से बर्खास्त कर दिया गया। श्री मार्डी अपने साथ बैठक पुस्तिका भी ले गए जिसे उन्होंने आज तक जमा नहीं कराया है। महाल के कोष में जमा रुपए का कोई हिसाब अभी तक उन्होंने नहीं दिखाया है। वहीं कोषाध्यक्ष शिव चरण कुदादा लापता हैं। रोकड़ उन्हीं के पास था जिसे उन्होंने जमा नहीं कराया है। महाल के लोगों ने देश परगना से मांग की है कि एक महीना के अंदर बैठक पुस्तिका तथा रोकड़ महाल के पास जमा करा दिया जाए वरना इनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। शिकायत करने वालों में कान्हुराम हांसदा, जीतेन्द्र नाथ सोरेन, दुखु राम सोरेन, नारान हेम्ब्रम, भीम सोरेन आदि उपस्थित थे।
^मैंने माझी परगना महाल की बैठक में सारा हिसाब करके अध्यक्ष को कैश बुक सौंप दिया है। मेरे पास महाल की कोई रकम जमा नहीं है। मेरे हाथ से 2900 रुपए खर्च हुए हैं। इसका हिसाब भी मैंने अध्यक्ष लखन मार्डी को पहले दे दिया है। मेरा नाम बेवजह इसमें घसीटा जा रहा है।\\\'\\\' शिवचरण कुदादा(कोषाध्यक्ष मांझी परगना महाल, डुमरिया)