एसडीओ ने डीलर का लाइसेंस रद्द किया
डुमरीअनुमंडलाधिकारी ज्ञान प्रकाश मिंज ने जामतारा के एक डीलर का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। अनुमंडलाधिकारी ने यह कार्रवाई प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी डुमरी की अनुशंसा पर शनिवार को किया है। जामतारा के विलवा खातून, मूर्ति देवी, खगिया देवी और रोहनी देवी ने गुरूवार को आपूर्ति पदाधिकारी से शिकायत की थी कि डीलर नेयाज अहमद ने नवंबर माह का राशन वितरण करने के दौरान राशन कार्ड में दिसंबर माह के काॅलम में वितरण दर्ज कर दिया है। जांच में आपूर्ति पदाधिकारी ने शिकायत को सही पाया था और डुमरी अनुमंडलाधिकारी को एक पत्र लिखते हुए डीलर का लाइसेंस निलंबित करने की अनुशंसा की थी। अनुमंडलाधिकारी को दिए गए पत्र में आपूर्ति पदाधिकारी ने लिखा था कि जामतारा के जनवितरण प्रणाली विक्रेता नेयाज अहमद नवंबर माह का राशन वितरण करने के दौरान राशन कार्ड में दिसंबर माह के काॅलम में दर्ज कर दिया जो गलत है। आपूर्ति पदाधिकारी ने आगे लिखा है कि इसके पहले भी उस डीलर को ऐसा करने से मना किया था। परंतु उसमें कोई सुधार नहीं हुआ। दिसंबर माह का राशन उठाव करने के बावजूद डीलर नेयाज अहमद ने अभी तक इस माह का राशन नहीं बांटा है। इस संबंध में पूछे जाने पर डुमरी अनुमंडलाधिकारी श्री मिंज ने बताया कि डुमरी के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की अनुशंसा पर डीलर नेयाज अहमद का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।