- Hindi News
- प्रतिशत के नजरिये से शहरी क्षेत्र को मात दी ग्रामीण मतदाताओं ने
प्रतिशत के नजरिये से शहरी क्षेत्र को मात दी ग्रामीण मतदाताओं ने
गिरिडीहजिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में रविवार को विधानसभा चुनाव का चौथा चरण शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। इस चुनाव में शहरी क्षेत्रों में जहां मतदाताओं ने घर से बाहर निकलने में रूचि नहीं दिखाई वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं ने खुलकर हिस्सा लिया। छिटपुट घटनाओं के बीच संपन्न हुए इस चुनाव में मतदान का प्रतिशत काफी कम रहा। जिले के गिरिडीह, गांडेय, जमुआ, बगोदर और डुमरी विधानसभा क्षेत्र में हुए इस चुनाव में कुल 73 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया। इनके भाग्य का फैसला जनता ने कर दी है। अब इसका परिणाम 23 दिसंबर को सामने आएगा। चुनाव के दौरान सभी क्षेत्रों में शांति बनी रही। नक्सली अपनी मांद में दुबके रहे। उनकी कोई गतिविधि पुलिस के सामने नहीं चली।
प्रत्येक बूथ में पुलिसकर्मियों की तैनाती से भी बाेगस मतदान नहीं हो सका। इधर गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के प्रखंड मुख्यालय में स्थित बूथ संख्या 21 में एक मतदानकर्मी ब्रेन हेमरेज का शिकार हो गया। अानन फानन में उन्हें सदर अस्पताल लाया गया। जहां से उन्हें धनबाद रेफर कर दिया गया। उनके स्थान पर दूसरे मतदानकर्मी को नियुक्त कर मतदान चालू कराया गया। इधर गांडेय विधानसभा क्षेत्र के बेंगाबाद स्थित चुपआडीह मतदान केंद्र में एक मतदानकर्मी को बूथ पर ही मिरगी का दौरा पड़ गया। जिससे वहां मतदान का कार्य कुछ देर प्रभावित रहा। लेकिन सहयोगियों ने उन्हें तत्काल संभाला। शहर में मतदाता घर से बाहर नहीं निकल सके। जिससे शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों का प्रतिशत काफी कम रहा। मौसम का प्रभाव भी मतदाताओं पर हावी रहा।