भास्कर न्यूज|डुमरी
भास्कर न्यूज|डुमरी
कलशयात्रा के साथ गुरूवार को प्रखंड के बरियारपुर में पांच दिवसीय रूद्र महायज्ञ शुरू हुआ। यज्ञ के शुरू होने के साथ ही गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा को लेकर गुरुवा की सुबह से ही यज्ञमंडप परिसर में श्रद्धालु स्त्री-पुरुष युवक-युवतियों की भीड़ जमा होने लगी थी। अधिकांश श्रद्धालु नये और पीले वस्त्र पहन कर यज्ञ मंडप परिसर में पहुंचे थे। यज्ञकर्ता अतुल पाण्डेय के नेतृत्व में 131 कलशों के साथ कलश यात्रा शुरू हुई। धार्मिक नारों से पूरा गांव गूंजायमान हो रहा था। कलश यात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए गांव के उत्तर वाहिनी कहे जाने वाली एक नदी पर पहुंची। वहां मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र जल खाली कलशों में भरा गया। इसके बाद कलश यात्रा पुनः शुरू होकर गांव का भ्रमण करते यज्ञ मंडप पहुंचा। इस मौके पर छक्कन महतो, गिरिधारी महतो, ठाकुर महतो, महेश महतो, टेकलाल महतो, विनोद महतो युधिष्ठिर महतो, बालगोविंद महतो, सुखदेव महतो आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे। इधर प्रखंड के टिंगरा स्थित कलवारडीह में भी कलश यात्रा के साथ महारुद्र सह प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ शुरू हुआ। डुमरी विधायक जगरनाथ महतो भी यात्रा में शामिल हुए। आचार्य किसुनन पाण्डेय शास्त्री के नेतृत्व में 131 कलशों की कलश यात्रा निकाल कर यमुनियां नदी से पवित्र जल भर कर यज्ञ मंडप लाया गया।