धोखाधड़ी करने वाले पिता-पुत्र गिरफ्तार
ट्रैफिकहवलदार से जमीन बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने के आरोपी बाप-बेटे को गालूडीह पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वे पुलिस से बचने के लिए गालूडीह में खटाल खोलकर छुपकर कारोबार कर रहे थे। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने दोनों को दबोच लिया।
महुलिया स्थित ओल्ड एज हाेम के समीप वर्षों से खटाल चला रहे परमेश्वर प्रसाद और उनके पुत्र राजू कुमार को गालूडीह थाना प्रभारी कुलदीप राम ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि ये पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे थे। गालूडीह में छुप कर दूध का धंधा कर रहे थे इनके खिलाफ जमशेदपुर के मानगो थाना में ट्रैफिक हवलदार भिखारी यादव ने 2011 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था।
गिरफ्तार प्रमेश्वर प्रसाद
जमीन खरीद-बिक्री में की थी धोखाधड़ी
बिहार के बक्सर निवासी परमेश्वर प्रसाद ने मानगो में रहते हुए ट्रैफिक हवलदार भिखारी यादव को तीन कट्ठा जमीन बेची थी। प्रति कट्ठा 1 लाख 35 हजार रुपए में डील पक्की हुई थी। बातचीत के अनुसार भिखारी यादव ने 2 लाख 16 हजार रुपए उसे अग्रिम और स्टाम्प पेपर आदि खरीदने के लिए अलग से 20 हजार रुपए दिए थे। पैसे लेने के बाद पर परमेश्वर प्रसाद जमीन देने में आना कानी करने लगा। फोन करने पर फोन नहीं उठाता था। जिससे तंग आकर भिखारी यादव ने उसके खिलाफ धोखाधड़ी का केस मानगो थाना में दर्ज कराया। उसके बाद से वह फरार हो गया था।
अग्रिम बेल पर रिहा हुए थे
मामलादर्ज होने के बाद मानगो पुलिस ने परमेश्वर प्रसाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में वह बेल पर रिहा हुआ और कोर्ट से कुछ दिनों की मोहलत मांगकर जल्द से जल्द पैसा या जमीन देने की बात कही थी। कुछ दिनों के बाद वह वहां से फरार हो गया और चुपचाप गालूडीह में आकर खटाल खोल कर दूध का धंधा करने लगा। इस बीच कोर्ट ने इसके खिलाफ कुर्की जब्ती का वारंट निकाल दिया। पुलिस इसे खोज ही रही थी कि गुप्त सूचना के अाधार पर मंगलवार को गालूडीह थाना प्रभारी कुलदीप राम ने इसे गिरफ्तार का मानगो पुलिस को सौंप दिया।