दिन-रात सेवा दे रहा बड़ाखुर्शी का डाकघर
पूर्वीसिंहभूम के गालूडीह थाना क्षेत्र का एक डाकघर दिन-रात खुला रहता है। यह कभी बंद नहीं होता। यहां ग्राहकों को 24 घंटे 30 दिनों तक सेवा मिलती है। यह सब डाकघर बड़ाखुर्शी गांव में स्थित है। इसका संचालन वर्ष 1992 से किया जा रहा है। इससे बड़ाखुर्शी, पाईरागुड़ी, निश्चिंतपुर, बेड़ाहातु, घुटिया, काशिया, छोलागोड़ा, सुसनीगड़िया, आमचुड़िया, दारीसाई, कुलियाना, गिधिबिल गांव के लोग जुड़े हैं। गांव में पहले की तरह अब भी चिट्ठी आती है। लोगों का मनीआॅर्डर भी आता है। गांव के बाहर काम करनेवाले सैकड़ों लोग यहां मनीआॅर्डर से पैसे भेजते हैं।
पहले डाकघर में खाता खुलवाने से कतराते थे लोग
इसइलाके में यह एकमात्र डाकघर है। पहले यहां लोग खाता खोलने से कतराते थे। डाकघर खुलने बंद होने का समय भी निर्धारित नहीं था। इस वजह से लोगों का इस पर विश्वास नहीं होता था। अब स्थिति तेजी से बदली है। अब लोगों को यहां खाता खोलवाने से कोई गुरेज नहीं है। वर्तमान में लोगों को 24 घंटे 30 दिनों तक डाकघर की सेवा मिल रही है। रविवार हो या सोमवार, 15 अगस्त हो या 26 जनवरी, यह डाकघर कभी बंद नहीं होता। ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से डाकघर की सेवा लेते हैं। यहां की प्रक्रिया ग्राहकों के लिए काफी सरल है। लोगों का डाकघर पर विश्वास बढ़ गया है। उन्हें लगता है कि उनका पैसा सुरक्षित जगहों पर जमा है। सुधीर सोरेन डाकघर के कर्मचारी हैं, जो डाक लेकर ग्राहकों तक जाते हैं। मोतीलाल प्रमाणिक डाकघर में ग्राहकों का काम निपटाते हैं। सब पोस्टमास्टर हर समय ग्राहकों की सेवा में तत्पर रहते हैं। वर्तमान में आरडी 400, सेविंग्स खाते एक हजार से अधिक, मनरेगा 800 खाते, इंश्योरेंस 70, 100 रुपए प्रति माह जमा करनेवाले ग्राहकों की संख्या अधिक है। 100 से अधिक पेंशनधारी हैं। महीना में एक लाख से अधिक का कारोबार होता है।