सांसद के वाहन से एक जख्मी, टाटा रेफर
शनिवारकी देर रात लगभग 11 बजे के आसपास सांसद विद्युतवरण महतो की गाड़ी से गालूडीह चौक के समीप कुमूरडीह गाजुरडीह ग्राम निवासी विक्रम महतो (25) वर्ष घायल हो गया। दुर्घटना के बाद सांसद की गाड़ी मौके पर नहीं रूकी। जानकारी हो कि गालूडीह में टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल खेल हो रहा था। जहां सांसद को पुरस्कार वितरण करना था। दुर्घटना के बाद सांसद की गाड़ी सीधे कार्यक्रम स्थल पर रूकी। उसके बाद सांसद पुरस्कार वितरण समारोह में व्यस्त हो गए। वापसी में जब वे अपनी गाड़ी के पास पहुंचे तो वहां काफी भीड़ लगी हुई थी। जिसे धक्का लगा था वह सांसद की गाड़ी के आगे बैठा हुआ था। उसके साथ काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। मामले की जानकारी होते ही आयोजन कमेटी ने सुरक्षा की दृष्टि से तत्काल सांसद को वहां से हटाते हुए गालूडीह रिसोर्ट के अंदर ले गए। उसके बाद घायल व्यक्ति को सांसद की गाड़ी से ही गालूडीह के निरामय हेल्थ केयर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने बताया कि उसके पैर में चोट है। एक्स-रे आदि करने से ही पता चल सकेगा की चोट कितना गंभीर है। उसके बाद मामला शांत हुआ। लगभग देर रात 1 बजे सांसद वहां से रवाना हुए। घायल विक्रम को टाटा रेफर किया गया है।