भरोसा नहीं तोड़ने का किया प्रयास : अहमद
भास्कर न्यूज | छोटकी खरगडीहा
गांडेयविस की जनता ने जो विश्वास जताया है उस पर खरे उतरने का भरसक प्रयास किया गया है। भरोसा नहीं तोड़ने का प्रयास किया। मेरे पास जादू की कोई छड़ी नहीं है जिससे सारी समस्याओं का निराकरण अल्प समय में कर सकें। ये बातें गांडेय विधायक डाॅ सरफराज अहमद ने बेंगाबाद चौक पर लाखों की लागत से पीसीसी निर्माण का शिलान्यास करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जबतक धरती पर इंसान रहेगा तब तक समस्या बनी रहेगी। समस्याओं का समाधान करना उनकी नियति है। उसी उद्देश्य को लेकर क्षेत्र में विकास का कार्य किया है। कुछ विरोधी कार्यकर्ता है जो सिर्फ विरोध ही करते हैं। कहा कि देश में बिजली की समस्या को दूर करने के लिए कांग्रेस से परमाणु बिजली लाने का प्रयास किया था। जिसका भाजपा वामदलों ने जमकर विरोध कर परमाणु बिजली लाने में बाधा उत्पन्न की थी। लेकिन वर्तमान पीएम नरेन्द्र मोदी उसी परमाणु बिजली को लाने का करार करने अमेरिका गए हुए है। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा की राज्य में विधानसभा चुनाव होना है। लेकिन भाजपा अब तक अपने सीएम के उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर पीएम मोदी के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कह रही है। क्या पीएम मोदी ही राज्य के सीएम होंगे। जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा ने कहा कि देश में सबसे अधिक विकास का कार्य कांग्रेस ने ही किया है। कांग्रेस ने गांवों में बिजली, गरीबो को इंदिरा आवास समेत अन्य कार्य किए है। मोदीलेदा पंचायत के उपमुखिया दिनेश कुमार के अगुवाई में कई युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। डाॅ अहमद और नरेश वर्मा ने माला पहना कर स्वागत किया। सभा को रामप्रसाद यादव, जैनुल अंसारी, हरिश यादव समेत कई ने संबोधित किया। मौके पर नेसाब अहमद, आलमगीर आलम, इनामुल, मनोज यादव, गोविन्द तुरी, समेत कई लोग उपस्थित थे।