- Hindi News
- मतदाताओं को खुश करने में जुटे रहे नेताजी
मतदाताओं को खुश करने में जुटे रहे नेताजी
लोकतंत्रके इस महापर्व की आज पूर्णाहुति होनी है। हर दल के प्रत्याशी और उनके कार्यकर्ता मतदाताओं को खुश कर जीत का सेहरा अपने सर पर बांधने के लिए इस कंपकंपाती ठंड में भी दिन तो दिन रात भी एक कर चुके हैं। वे मतदाताओं का घर घर जाकर उनसे वोट की अपील कर रहे हैं। मतदाता को खुश करने के लिए प्रत्याशी तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। किसी को मुर्गा दारू से खुश किया जा रहा है तो किसी को रुपए देकर, किसी को चुनाव जीतने के बाद उनके लिए कार्य करने का आश्वासन दे रहे हैं। कही मंदिर का जीर्णोद्धार करने का आश्वासन दे रहे हैं तो कहीं मस्जिद का सौंदर्यीकरण का आश्वासन देकर लोगों को खुश किया जा रहा है।
पूरी रात मतदाताओं को खुश करने में प्रत्याशी जुट गए हैं। लेकिन मतदाता की खामोशी के सामने किसी की भी नहीं चल रही है। वे अपना मन बना चुकी है। जिससे प्रत्याशी समेत उनके आकाओं में बढ़ती बेचैनी इस ठंड में भी उन्हें पसीना ला रहा है। गांडेय विधान सभा क्षेत्र के हर राजनीतिक पार्टी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए रोड शो से लेकर स्टार प्रचारकों तक को यहां की सरजमीं पर उतार चुके हैं। अब वे मतदाता को खुश कर आशीर्वाद पाने के लिए उनका घर घर तक पहुंच गए। इधर शनिवार दे रात तक प्रत्याशी लोगों के घरों के दरवाजे खटखटाते रहे। लोगों का रूख मोड़ने के लिए बचे शेष समय का भरपूर सदुपयोग किया जा रहा है। जीत की रेस में सबसे तेज दौड़ने वाले प्रत्याशियों का पीछा करने के लिए उसके प्रतिद्वंदी भी उनके पीछे दौड़ रहे हैं। जिस कारण प्रत्याशी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर अपने नजदीकी रिश्तेदारों तक को इसमें घसीट रहे हैं। लोगों का मतदान अपने पक्ष में करने के लिए रोज नए नए रिश्ते तैयार हो रहे हैं। इससे पुरानी जंग लग चुके रिश्तों में भी नयापन लाया जा रहा है। ताकि जीत का सेहरा उनके माथे पर बंध सके। द्वारपहरी में भी ऐसे प्रत्याशियों का दिनभर आना जाना लगा रहा। इनके दौरे से चोला बदलने वाले झोलाछाप नेताओं की चांदी रही।