गांडेय में लगा विकलांगता जांच शिविर, 73 का हुआ निबंधन
सामुदायिकस्वास्थ्य केंद्र गांडेय में शनिवार को विकलांग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 73 विकलांगों का रजिस्ट्रेशन किया गया। बाद में गांडेय के विभिन्न क्षेत्रों से आए सभी विकलांगों का डाॅ रवीन्द्र कुमार ने जांच किया। इस दौरान बीपीएम शिवनारायण मंडल ने कहा कि गांडेय के विभिन्न क्षेत्रों से आए सभी विकलांगों की जांच के बाद सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसके पूर्व एकदिवसीय विकलांग शिविर के उदघाटन में गांडेय बीडीओ कपिल कुमार, अंचलाधिकारी रामा रविदास, पंचायत पदाधिकारी अजय कुमार, बीपीएम शिवनारायण मंडल, चिकित्सा प्रभारी विपिन कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे।
देर से शुरू हुआ कार्यक्रम
सामुदायिकस्वास्थ्य केंद्र गांडेय में आयोजित इस एकदिवसीय विकलांग शिविर में प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। लोगों ने बताया कि विकलांग शिविर का आयोजन सुबह दस बजे का था। जिस कारण सुबह दस बजे से ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गांडेय में विभिन्न क्षेत्रों से आए विकलांगों की भीड़ जुटने लगी थी। जिससे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विकलांगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। दोपहर दो बजे डाॅ रवीन्द्र कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जिससे प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आए विकलांगों को परेशानी उठानी पड़ी। इस दौरान हाथ पैर से विकलांग व्यक्ति इधर उधर पड़े रहे।