चोरी हुई 200 साल पुरानी प्रतिमाएं बरामद
अहिल्यापुरथाना क्षेत्र के जोगनियाटांड़ स्थित ठाकुरबाड़ी राम जानकी मंदिर से शनिवार रात चोरी हुई राम, जानकी और लक्ष्मण की प्रतिमाओं को अहिल्यापुर पुलिस ने महज 72 घंटे बाद बरामद कर लिया है। दो सौ साल पुरानी अष्टधातु से बनी इन प्रतिमाओं की कीमत लाखों रुपए है। मंगलवार की रात अहिल्यापुर पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से रामपुर पहरीडीह गांव जानेवाली कच्ची सड़क से पचास गज की दूरी पर एक खेत से प्रतिमाओं को बरामद किया। चोरी के बाद दो लोगों के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तत्काल शक के आधार पर रघुवंश मिश्रा को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही थी। एक अन्य राहुल मिश्रा की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। मंगलवार रात 8.30 बजे पुलिस ने मुखबीर की मदद से राहुल को ग्रामीणों के सहयोग से घेर लिया था। पर राहुल अपने हाथ में रखा झोला छोड़कर भाग निकला। राहुल द्वारा फेंके गए झोले से तीनों प्रतिमा बरामद की गई। इसे पुलिस ने थाना ले आई। हालांकि ग्रामीणों की ओर से पुलिस द्वारा बरामद मूर्तियों को नकली बताया जा रहा है। उनका कहना है कि शीघ्र ही वास्तविक प्रतिमाएं बरामद नहीं की गई तो ग्रामीण सड़क पर उतरेंगे। मौके पर गजकुन्डा पंचायत की मुखिया कुन्ती देवी, बिनोद वर्मा, किशोरी वर्मा, अरुण वर्मा समेत कई लोग उपस्थित थे।
^आरोपी राहुल कुमार पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। उसके पकडे़ जाने पर ही सच्चाई सामने आएगी कि प्रतिमाएं असली हैं या नकली। उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। ग्रामीण शांति बनाए रखें।\\\'\\\' पृथ्वीसेनदास, अहिल्यापुर थाना प्रभारी