67 प्रतिशत मतदाताओं ने डाले वोट
गिद्दी | मांडूविधान सभा क्षेत्र के डाड़ी प्रखंड में 67 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। डाड़ी बीडीओ सुधीर प्रकाश ने बताया प्रखंड के सभी 54 बूथों में 67 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। प्रखंड के कुल 48813 मतदाताओं में से 32641 लोगों ने मत डाला। जिसमें 17972 पुरुष मतदाता और 14669 महिला मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रखंड में चुनाव पूर्णतः शांतिपूर्ण रहा तथा इवीएम मशीनों को वज्रगृह में भेज दिया गया है। पहली बार मतदान का प्रयोग करने वाले युवक युवतियों में खुशी देखी गई साथ ही निशक्त और वृद्ध भी मतदान केंद्रों में वोट देते देखे गए। गिद्दी की रिया सिंह, पूजा तिवारी, गुंजा मिश्रा चुंबा कि किरण तिवारी तथा प्रिया मिश्रा अपने-अपने बूथ पर वोट देकर काफी प्रसन्न थीं। वोट देकर लौटने के बाद युवतियों ने कहा कि स्पेशल फील कर रही हूं। वहीं गिद्दी की 80 वर्षीय संजीदा खातून जो वैशाखी के सहारे आधा किलो मीटर दूर मतदान केंद्र में जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसके साथ बड़का चुंबा के कुंदन और चंदन अपने दादा लालजी राम बरई (99 वर्ष) तथा दादी कुंती देवी (95 वर्ष) को गोदी में उठा बेसिक स्कूल चुंबा स्थित बूथ संख्या 225 में जाकर मतदान करवाया। डाड़ी प्रखंड के कोयलांचल सहित ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह देखने को मिला। दोनों क्षेत्रों में अपनी मतों की बारी के इंतजार में घंटों लोग शांतिपूर्ण तरीके से कतार बनाकर खड़े थे।