एमएम के स्थानांतरण के लिए 24 तक दिया अल्टीमेटम
गिद्दी | बिहारकोलियरी कामगार यूनियन ने गिद्दी रिजनल स्टोर के मेटेरियल मैनेजर सह अरगड्डा क्षेत्र के पर्चेज मैनेजर बीपी सिंह का सीसीएल से 24 फरवरी तक स्थानांतरण करने का अल्टीमेटम दिया है। स्थानांतरण नहीं होने पर आगामी 25 फरवरी से अरगड्डा क्षेत्र बंद करने की बात कही है। इस संबंध में बीसीकेयू के कार्यकारी अध्यक्ष मिथिलेश सिंह ने शुक्रवार को अरगड्डा महाप्रबंधक को एक ज्ञापन दिया है। ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि बीपी सिंह जाति, धर्म, रंग-रूप, लिंग, भाषा से ग्रसित हैं। कामगारों के साथ बुरा व्यवहार करना, महिला कर्मियों के साथ अभद्र बर्ताव करना उनकी आदत है।
और गंदी हरकतें करना इनकी नियति बन गई है। इसे देखते हुए बीपी सिंह को 24 फरवरी तक अवलिंब सीसीएल से हटाया जाए। ऐसा नहीं होने पर 25 फरवरी को अरगड्डा क्षेत्र का उत्पादन ठप किया जाएगा। इसकी प्रतिलिपि अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक सीसीएल रांची, जेनरल मैनेजर सीसीएल रांची को भी भेजा गया है।