डीसी बिल समायोजन पर चर्चा
गिरिडीह . डीसीबिल समायोजन पर शुक्रवार रात डीडीसी दिनेश प्रसाद ने सहकर्मियों के साथ बैठक कर गहन मंथन किया। इस संदर्भ में श्री प्रसाद ने बताया कि डीसी बिल की कुल 58 करोड़ की राशि विभिन्न विभागों के पास पड़ा है। उन्होंने बताया कि सर्वाधिक राशि एनआरईपी के पास है। उक्त विभाग के पास सोलह करोड़ की राशि वर्षों से पड़ी है। जानकारी के अनुसार उक्त विभाग के एक कनीय अभियंता के सेविंग एकाउंट में उक्त राशि पड़ी हुई है। डीडीसी श्री प्रसाद ने कहा कि यह मामला गंभीर है। जांच में दोषी पाए गए तो उक्त कनीय अभियंता के विरूद्व विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विधायक मद मुख्यमंत्री विकास योजना के अन्तर्गत लंबित डीसी विपत्रों का समायोजन नहीं होने से कई अनियमितता की संभावना बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। कहा कि जांच टीम में प्रभारी पदाधिकारी देवेश कुमार गौतम वरीय लेखापाल नीरज कुमार बरहपुरिया शामिल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी स्थिति में इन विभागों को अग्रिम राशि नहीं दी जाएगी।