काला धन पर केन्द्र सरकार गंभीर : अनंत
कालेधन को लेकर केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार काफी ईमानदारी के साथ कार्य कर रही है। स्वामी रामदेव के आंदोलन की बात को लेकर भी केन्द्र सरकार गंभीर है। ये बातें केन्द्रीय मंत्री यह भाजपा नेता अनंत कुमार ने कही।
वे सोमवार को गिरिडीह के पचंबा के तेतरिया मैदान में भाजपा के चुनावी सभा के बाद मीडियाकर्मियों से बाते कर रहे थे। केन्द्रीय मंत्री ने काला धन के मुद्दे पर बहुत अधिक बोलने से परहेज किया। लेकिन बातचीत के क्रम में केन्द्रीय मंत्री ने स्पष्ट संकेत देते हुए कहा कि स्वामी रामदेव के आंदोलन अपनी जगह सही हो सकते है। जबकि काले धन पर केन्द्र सरकार बेहद गंभीर है। यह सवाल पूछे जाने पर कि साध्वी को बर्खास्त किए जाने के मुद्दे पर भी विपक्ष संसद के दोनों सदनों को चलने नहीं दे रहा है। इसके जवाब में भी केन्द्रीय मंत्री ने कुछ भी स्पष्ट करने से इंकार करते हुए कहा कि साध्वी के बयान भले ही गलत रहे हो। लेकिन इस मुद्दे पर पीएम श्री मोदी ने पहले ही खेद जता दिया है। अब विपक्षी पार्टियां साध्वी के मुद्दे पर बेवजह तूल देते हुए दोनों सदनों को ठप रखना चाहती है। केन्द्रीय मंत्री ने सभी विपक्षी दलों को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विपक्ष के नेता सत्ता चले जाने के बाद से बेरोजगार हो गए है। ऐसे में उनके उठाए मुद्दे के कारण संसद के दोनों सदनों को बार-बार ठप करने से देश का ही नुकसान हो रहा है। जबकि होना यह चाहिए था कि देशहित में संसद को चलने देते हुए जनहित के अध्यादेश मंजूरी में केन्द्र सरकार का सहयोग करते।