नप कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त
झारखंडलोकल बाडीज इम्प्लाइज फेडरेशन के नेताओं नगर पर्षद अध्यक्ष दिनेश यादव तथा कार्यपालक पदाधिकारी श्रवण कुमार के बीच गुरूवार को हुई वार्ता के बाद कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हो गया। विदित हो कि मंगलवार से बकाया वेतन की मांग को लेकर नगर पर्षद के कर्मचारी अनिश्चितकालीन धरना पर थे।
मंगलवार को ही नप के उपाध्यक्ष राकेश मोदी हड़ताल को समाप्त कराने की पहल कर रहे थे। हड़ताली कर्मी चेक दिखाने पर धरना समाप्त करने की मांग पर अड़े थे, पर गुरूवार को श्री मोदी की पहल के बाद दूरभाष पर नप के अध्यक्ष कार्यपालक पदाधिकारी के साथ कर्मचारी नेताओं की वार्ता के बाद कर्मियों की मांग पर सहमति बनी और धरना समाप्त करने की घोषणा की गई। फेडरेशन की ओर से जारी प्रेस बयान में गुरूवार को बताया गया कि वार्ता में छठा वेतन की बकाया शेष एरियर से बीस प्रतिशत तथा तीन माह का लंबित वेतन तीन दिनों के अंदर खाता में भेज देने पर सहमति बनी। साथ ही एसीपी एमएसीपी का लाभ आगामी तीन माह को छोड़कर अगले माह के वेतन में जोड़कर भुगतान किया जाएगा। वार्ता में तीन महीने का वेतन सभी नियमित मानदेय कर्मी को भुगतान किया जाएगा। वही दैनिक वेतनभोगी कर्मी को एक माह के वेतन के साथ दो हजार का एडवांस देने पर सहमति बनी। वार्ता के बाद आंदोलन को स्थगित कर दिया गया। वार्ता में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कार्यपालक पदाधिकारी के साथ संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, लखन हरिजन, रामकुमार सिन्हा, लखन शर्मा, राजेश अग्रवाल, सबीर अंसारी, अशोक हाड़ी, रमेश कुमार गुप्ता, राम कुमार महतो, अमरीश कुमार महतो, आशा हाड़ीन, उमा हाड़ीन शामिल थे।