11 को मिलेगा टेट पास शिक्षकों को नियुक्ति पत्र
टेटपास अभ्यर्थियों को 11 फरवरी को शिक्षक नियुक्ति पत्र स्थापना समिति के द्वारा दिए जाने की घोषणा की गई। टेट पास 44 अभ्यर्थियों को शिक्षक नियुक्ति पत्र डीएसई द्वारा एक माह से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी नहीं दिए जाने से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने उपायुक्त को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। उपायुक्त ने त्वरित करवाई करते हुए आठ फरवरी तक टेटपास अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने का निर्देश दिया। आठ फरवरी बीत जाने के बाद भी जब डीएसई द्वारा अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नही दिया गया तो राज नरायणा वर्मा, पवन कुमार सिंह, प्रदीप कुमार, विकास कुमार, सरिता कुमारी, युवराज सिंह, उदय कुमार मांझी सहित दर्जनों लोगों ने डीएसई कार्यालय पहुंचकर नियुक्ति पत्र की मांग की।
टेट पास 44 अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता संदेहास्पद
डीएसईमेहमूद आलम ने कहा कि 44 टेटपास अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र संदेहास्पद होने से इन लोगों की शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र जांच के लिए झारखंड अधिविद्य परिषद रांची विशेष दूत द्वारा भेजा गया है। टेट पास के कई अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र जांच करने के बाद जाली पाए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। जांच के क्रम में कितने टेट पास अभ्यर्थियों का प्रमाण पत्र जाली पाया गया। इसकी सूची झारखंड अधिविद्य परिषद से भेजी जा रही है। इन टेट पास अभ्यर्थियों को 11 फरवरी को स्थापना समिति द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कर दिया जाएगा। उपायुक्त जिला मुख्यालय में नहीं रहने से इन अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया जा रहा है।