बाल गणेश की रंगोली बनाकर कृतिका बगेड़िया बनी चैंपियन
दसदिवसीय पुस्तक मेला सह उत्सव में मंगलवार को रंगोली और बाल कवि प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेले में जहां पुस्तक प्रेमियों की भीड़ उमड़ी। वहीं प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विभिन्न विद्यालयों के सैकडों बच्चे पहुंचे। एनवाय फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस मेला सह उत्सव प्रतियोगिता में सुबह रंगोली बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में बीएनएस डीएवी, कार्मेल, होली क्रास, सीसीएल डीएवी, बोस पब्लिक स्कूल और आरके महिला कालेज समेत कई विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया। छात्राआें ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कई मनमोहन रंगोली सजाई। जिसमें विभिन्न प्रकार के फूल, राष्ट्रीय पक्षी मयूर, भगवान गणेश का चित्र आदि शामिल है। यह प्रतियोगिता एकल समूह में आयोजित की गई। एकल प्रतियोगिता में प्रतिभावान छात्रा कृतिका बगेड़िया ने भगवान गणेश का आकर्षक रंगोली बनाकर प्रथम आई। वहीं विशाखा कुमारी द्वितीय और आकांक्षा कुमारी तृतीय स्थान पर रही। रंगोली के समूह प्रतियोगिता में नमिता बेसरा ग्रुप प्रथम, रुचिका शर्मा ग्रुप द्वितीय और मनीषा कुमारी ग्रुप तृतीय स्थान पर रही। इस प्रतियोगिता में बतौर निर्णायक डाली जालान, रीता संथालिया रोहित पाठक थे।
छात्र बना रहे आयोजन को रोचक
पुस्तकमेला के आयोजक सह फाउंडेशन के संरक्षक सोमेश्वर ठाकुर ने बताया कि अब तक करीब पांच हजार से अधिक साहित्यप्रेमियों का आगमन हो चुका है। साथ ही विभिन्न विद्यालय के छात्र छात्राओं द्वारा प्रतियोगिता में शामिल होकर उत्सव को मनोरंजक बना रहे हैं। मेला के सफल आयोजन में राजन सिन्हा, मानवेंद्र पाठक, रिकेश कुमार, आशुतोष, धनंजय कुमार, पुकून तिवारी आदि की भूमिका सराहनीय है।
बच्चों ने स्वयंरचित कविता से कार्यक्रम को बनाया रोचक
आयोजककी ओर से पहली बार बाल कवि प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न विद्यालय के बच्चों ने स्वयंरचित कविता पाठ कर उपस्थित लोगों को तारीफ करने पर मजबूर कर दिया। यह प्रतियोगिता तीन ग्रुप में आयोजित की गई। ग्रुप में एसएसवीएम के गौरव कुमार प्रथम, महिमा सिंह द्वितीय और होली क्रास की श्रेया पंडित तीसरे स्थान पर रही। ग्रुप बी में बीएनएस डीएवी के अभय राज प्रथम, एसएसवीएम के निहारिका कुमारी द्वितीय और शिवांगी सिंह तृतीय स्थान पर रही।
रंगोली बनाती छात्राएं।