धर्म गुरुओं को दी गई बीमा की जानकारी
पैक्सकार्यक्रम के तहत चेतना विकास संस्थान द्वारा अपने अन्य संगठनों के सहयोग से धार्मिक गुरुओं काे राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना पर उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को किया गया। संस्थान के जिला समन्वयक पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है विभिन्न धार्मिक गुरुओं को राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना के प्रति संवेदनशील बनाकर इस महत्वाकांक्षी योजना के उद्देश्यों को व्यापक स्तर तक पहुंचाना ताकि अधिक लोग इस योजना का लाभ ले सके।
कार्यक्रम के मौके पर विभिन्न धार्मिक गुरुओं का इस योजना की सफलता में भूमिका, स्मार्ट कार्ड के तहत इलाज किए जानेवाली बीमारियां, सूचीबद्ध अस्पतालों की जानकारी, स्मार्ट कार्ड से इलाज कराने की प्रकिया, स्मार्ट कार्ड के लिए निबंधन की प्रक्रिया एवं जिला कियोस्क के महत्व पर जानकारी दी गई। पैक्स के जिला समन्वयक ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना को व्यापक स्तर तक फैलाने के लिए विभिन्न धर्म के धार्मिक गुरुओं को आगे आने की जरूरत है। जानकारी के अभाव में गरीब तबके के लोग इससे वंचित हो रहे हैं जिन्हें जानकारी देने की जरूरत है। बीमा कंपनी के जिला समन्वयक मो सब्बीर आलम ने बताया कि स्मार्ट कार्ड प्रत्येक साल बनता है इसके लिए लाभुक को 30 रुपया बीमा कंपनी को देना पड़ता है, जिससे परिवार के मुखिया सहित पांच लोगों का बीमा होता है जिससे वह पूरे एक साल तक किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल 30 हजार तक का फ्री इलाज करवा सकते हैं। वहीं इस योजना के तहत अस्पताल में दिए जानेवाली सुविधाओं पर भी चर्चा की गई। मौके पर गिरिश वर्मा, आरती कुमारी, राम कुमार, राजेन्द्र वर्मा आदि उपस्थित थे।