गिरफ्तार नकली नोट का आरोपी रिमांड पर
नकलीनोट का कारोबार करने के आरोप में गिरिडीह जेल में बंद सिराज अंसारी को गिरिडीह नगर थाना की पुलिस ने मंगलवार को रिमांड लिया है। थाना प्रभारी केएन सिंह के अनुसार नकली नोट के व्यापार में संलिप्त इस अपराधी से पुलिस पूछताछ कर कई अन्य मामलों के अनुसंधान में जुटी है। बताया जा रहा है कि रिमांड पर लेने के बाद पुलिस अब सिराज के जरिए नकली नोट का धंधे में शामिल अन्य अपराधियों को पकड़ने की कोशिश में जुटी है। हालांकि इस दिशा में अब तक पुलिस को कोई सुराग तो हाथ नहीं लगा है, लेकिन पुलिस की मानें तो सिराज का कनेक्शन किसी बड़े गिरोह से है। जिसका नेटवर्क गिरिडीह शहरी क्षेत्र के अलावा दूसरे जिलों में भी फैला है। पुलिस के अनुसार सिराज अंसारी गिरोह का मामूली सदस्य है जबकि मास्टर मांइड किसी और जिले का बताया जाता है। जो सिराज को डीलर और डिलेवरी के आधार पर कमीशन देते हुए गिरिडीह के कोयला व्यापार, पशु तस्करी में शामिल लोगों को नकली नोट बाजार में चलाने के लिए मुहैया कराता था। बहरहाल, नकली नोट के अवैध व्यापार में शामिल अपराधियों को दबोचने में जुटी नगर थाना की पुलिस को सिराज के जरिए जल्द बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।