बाल संरक्षण नीति पर कार्यशाला
गोमिया. फैमिलीप्लानिंग एसोसिएशन गोमिया शाखा के सभागार में बाल संरक्षण नीति पर एक कार्यशाला चिकित्सक सह शाखा प्रबंधक डा बीके सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। यहां शाखा के सांख्यिकी पदाधिकारी राजू प्रसाद ने कहा कि भारत में यौन शोषित लड़कियों की बड़ी संख्या है जिसमें हर 155वें मिनट में 16 वर्ष से कम आयु की लड़कियों के साथ यौन शोषण होता है। वेश्यावृत्ति में आने वाली लड़कियों की संख्या 15 प्रतिशत है जिनकी आयु 15 वर्ष से भी कम है। ऐसी स्थिति में सुरक्षा और संरक्षण देकर उन्हें बचाया जा सकता है। इसकी जिम्मेदारी उन लोगों पर है जो उनके बीच काम करते हैं। चिकित्सक डा बीके सिंह ने कहा कि एफपीएआई संस्था अपने स्वास्थ्य मिशन के अलावा सामाजिक दायित्वों का निर्वाह भी भलीभांति कर रही है। उस कड़ी में बाल संरक्षण नीति भी है। कार्यशाला में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ यू शर्मा, लेखा पदाधिकारी गिरिश दत्त, दीपक कुमार, सिस्टर बागे, वीणा, प्रिया, मृदुला और निभा कुमारी भी उपस्थित थीं।