- Hindi News
- अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा, मौत, रोड जाम
अज्ञात वाहन ने युवक को रौंदा, मौत, रोड जाम
निरसाथाना क्षेत्र के हाथबाड़ी के पास एनएच-2 पर सोमवार की संध्या अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार 30 वर्षीय टेकवा भुइयां की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर निरसा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को वहां से हटाने का प्रयास किया, परंतु परिजनों ने शव के साथ मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-2 जाम कर दिया। बताया जाता है कि टेकवा भुइयां पेशे से दैनिक मजदूर था। समाचार लिखे जाने तक एनएच-2 जाम है। जानकारी के अनुसार निरसा थाना क्षेत्र के खासनिरसा निवासी टेकवा भुइयां अपनी बाइक से गोविंदपुर की ओर से वापस अपने घर की ओर लौट रहा था। इस दौरान हाथबाड़ी के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से उसकी बाइक में धक्का मार दिया, जिससे वह बाइक से सड़क पर गिर गया। सड़क पर गिरने के कारण उसका चेहरा अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बुरी तरह बिकृत हो गया तथा घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं धक्का मारने वाला अज्ञात वाहन उसकी बाइक को घसीटते हुए 50 कदम दूर तक ले गया। घटना की सूचना पाकर वहां पहुंचे उसके परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर एनएच-2 को जाम कर दिया। पुलिस निरीक्षक करमपाल उरांव मृतक के परिजनों को समझाने का काफी प्रयास किया, परंतु परिजन बगैर मुआवजा लिए जाम हटाने को तैयार नहीं हुए।
निरसा में युवक की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।