डॉक्टर के घर 3 लाख की चोरी
गोविंदपुरथाना क्षेत्र की श्याम वाटिका काॅलोनी में ईएसआइ अस्पताल जोड़ाफाटक के चिकित्सक डॉ शशि भूषण सिंह के घर में घुस कर चोरों ने 50 हजार नकदी समेत तीन लाख रुपए की संपत्ति चोरी कर ली। इस संबंध में गोविंदपुर थाने में लिखित शिकायत की गई है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
चोरी के बाद अपनी खुली अलमारी दिखाते पीड़ित परिवार के सदस्य।
अलमारी खुली थी और संपत्ति नदारद
पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिसके अनुसार बुधवार रात वह अपने कमरे में सो रहे थे। रात तीन बजे बगल के कमरे का दरवाजा बंद होने की आवाज आई, इससे नींद खुल गई। आवाज लगाने पर उन्हें अंदेशा हुआ कि अपराधी घर में घुस गए हैं। अपनी जान बचाने के डर से दूसरे कमरे में जा घुसे और भीतर से दरवाजा बंद कर दिया। फिर पड़ोसियों को फोन से घर में चोर घुसे होने की जानकारी दी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के आने से पूर्व चोर भाग चुके थे।
बगल के कमरे में रखी अलमारी को देखा, तो वह खुली थी। उसमें से कैश 50 हजार, सोने की हार, सोने की चूड़ी और चांदी के जेवरात समेत तीन लाख संपत्ति गायब थी। चोर पीछे की बाउंड्री लांघकर कैंपस में घुसे और खिड़की की ग्रिल तोड़ घर में पहुंचे। इधर, कुम्हारडीह मार्ग में कमल सत्रा के घर का दरवाजा तोड़ कर चोरों ने चोरी का प्रयास किया। पड़ोसियों के उठ जाने से चोर भाग निकले।