सारंडा को रोशन करने का काम युद्धस्तर पर
सारंडाके गांवों को रौशन करने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। झारखंड सरकार के बिजली विभाग द्वारा यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है। गोइलकेरा ग्रिड से पावर मनोहरपुर होते हुए लाई जा रही है। अब तक अंकुवा, सेलाई, रोवाम, गंगदा, घाटकुड़ी, छोटानगरा, जामकुंडिया, बाइहातु, ममार, जोजोगुटू इत्यादि गांंवों में बिजली के खंभे गाड़े जा चुके हैं साथ ही छोटानागरा में ट्रांसफार्मर पहुंच चुका है। ट्रांसफार्मर पहुंचने पर ग्रामीण इसी वर्ष बिजली का दीदार कर पाएंगे। इस क्षेत्र में बिजली पहुंचने से लगभग दो दर्जन गांवों के 40 हजार जनता को सीधे फायदा होगा। छोटानागरा से सेलाई तक के कई ग्रामीणों द्वारा बिजली की मांग को लेकर आंदोलन किया गया। तत्कालीन गृह मंत्री, झारखंड सरकार के सुदेश महतो ने भी मनोहरपुर में घोषणा की थी कि जल्द बिजली पहुंचा दी जाएगी। अब जाकर ग्रामीणों का सपना साकार हो रहा है।