- Hindi News
- कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत चार पर प्राथमिकी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत चार पर प्राथमिकी
घाघरा प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को बीपीएल धारियों के बीच आधार कार्ड की प्रोत्साहन राशि के वितरण के दौरान उत्पन्न हुए विवाद को लेकर गुमला की जिप अध्यक्ष सत्यवंती देवी ने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिवकुमार भगत समेत चार कांग्रेसियों के खिलाफ घाघरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
सत्यवंती देवी ने प्राथमिकी में उनके एवं बॉडीगार्ड के साथ धक्का-मुक्की गाली-गलौज करने और बॉडीगार्ड का पिस्तौल लूटने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इसमें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शिवकुमार भगत समेत मनोज सिंह, अशोक उरांव और कृष्णा लोहरा को आरोपी बनाया गया है। जिप अध्यक्ष के आवेदन के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। उल्लेखनीय है कि 12 सितंबर को घाघरा प्रखंड मुख्यालय में प्रोत्साहन राशि के वितरण को लेकर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उनके समर्थकों और जिप अध्यक्ष के बीच झड़प हुई थी। कांग्रेस के नेता प्रखंड मुख्यालय में लाभुकों के बीच प्रोत्साहन राशि का वितरण करने और आजसू नेता अशोक उरांव लाभुकों को गांव गांव में जाकर राशि वितरण कराने के पक्ष में थे। इसी दौरान प्रखंड मुख्यालय पहुंची सत्यवंती देवी ने कहा कि लाभुकों को पंचायत स्तर पर जाकर प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाना चाहिए। इसी बात को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और जिप अध्यक्ष और उनके सहयोगियों के बीच तनातनी हो गई थी।