- Hindi News
- माओवादियों ने जेजेएमपी सदस्य को गोली मारी
माओवादियों ने जेजेएमपी सदस्य को गोली मारी
गुमला/बिशुनपुर. बिशुनपुर थाना क्षेत्र के जमटी गांव के फॉरेस्ट बंगला के समीप शुक्रवार की रात भाकपा माओवादियों के हथियार बंद सदस्यों द्वारा जेजेएमपी नामक आपराधिक संगठन के सदस्य की अगवा कर गोली मारकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। समाचार लिखे जाने तक शव घटनास्थल पर ही पड़ा था। पुलिस माओवादियों की उपस्थिति के कारण घटना स्थल पर जाने से कतरा रही है। जमटी गांव के ग्रामीणों के अनुसार माओवादी दस्ता का नेतृत्व पलामू क्षेत्र के जोनल कमांडर कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि माओवादियों ने उसके शव के करीब एक कुत्ते को रस्सी से बांध दिया ताकि आसपास से गुजरने वाले ग्रामीणों की शव पर नजर पड़े। ग्रामीणों ने शव को देख उसकी शिनाख्त पहाड़ी के रूप में की है। ग्रामीणों ने बताया कि इसकी सूचना उन्हें बिशुनपुर थाना को दी है। इधर इस संबंध में पुलिस अधीक्षक भीमसेन टूटी से पूछे जाने पर कहा कि माओवादियों द्वारा हत्या करने की सूचना पुलिस को मिली है। किसकी हत्या हुई है, यह बॉडी रिकवर होने के बाद ही बताया जा सकता है। पुलिस अपने स्तर से मामले की तहकीकात कर रही है।