सुदीप की शिक्षा की व्यवस्था होगी : डीसी
गुमला | उपायुक्तगौरी शंकर मिंज ने पालकोट के गुड़माटांगर टोली में जहर खाने से मां-बेटी की मौत और एक बेटे के बीमार होने के मामले की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद कहा कि मृतका भिनसारी के पुत्र सुदीप खड़िया की शिक्षा-दीक्षा की समुचित व्यवस्था प्रशासन करेगा। इसके लिए प्रखंड प्रशासन को निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा के तहत भी मृतका के आश्रित को राशि प्रदान की जाएगी। गौरतलब है कि दैनिक भास्कर ने गुड़माटांगर टोली की घटना को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद डीसी ने पालकोट के प्रखंड विकास पदाधिकारी को मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को कहा था। जांच रिपोर्ट में बीडीओ ने महिला को विक्षिप्त बताते हुए आर्थिक तंगी का उल्लेख किया है। इधर उपायुक्त ने घटना से संबंधित खबर प्रकाशित करने के लिए दैनिक भास्कर की सराहना की है।