अपराधियों ने कंप्रेशर मशीन फूंकी
सदरथाना क्षेत्र के बसुआ गांव स्थित पहाड़ के नीचे टोंगरी बुधवार की रात अपराधियों ने पत्थर उत्खनन कार्य में लगी कंप्रेशर मशीन को जलाए जाने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जाता है कि यह मशीन रवि चौधरी नामक व्यक्ति की है। जानकारी के अनुसार एक सप्ताह पूर्व से कंप्रेशर मशीन द्वारा बसुआ गांव स्थित टोंगरी में पत्थर उत्खनन का कार्य किया जा रहा था।
बुधवार की रात कार्य करने के बाद मशीन को पहाड़ के नीचे स्थित टोंगरी में लोहरा बस्ती में एक मकान के बाहर खड़ी कर दी गई थी। इसी दौरान रात के 12 से दो बजे के बीच दो बाइक पर सवार होकर चार अपराधी वहां पहुंचे और मशीन को आग के हवाले कर दिया।
मशीन में आग लगाने से पहले अपराधी उसकी बैट्री निकाल कर साथ ले गए। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में थाने में मामला दर्ज नहीं कराया जा सका था। पुलिस को घटना की जानकारी नहीं थी। इस संबंध में सदर डीएसपी कैलाश करमाली से पूछे जाने पर कहा कि पुलिस को अब तक घटना की सूचना नहीं मिल सकी है। ऐसी घटना घटित हुई है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।