भीनसारी के घर में है धान-चावल : बीडीओ
पालकोटथाना क्षेत्र के गुड़मा टांगरटोली गांव में भीनसारी खड़िया उनकी एक वर्षीय पुत्री सुरभि के कीटनाशक खा लेने के बाद हुई मौत आठ वर्षीय बेटे सुदीप खड़िया के गंभीर रूप से बीमार होने के मामले में सोमवार को बीडीओ गांव पहुंचे। उपायुक्त गौरी शंकर मिंज के निर्देश पर पालकोट के बीडीओ सतीश कुमार रविवार को ही देर रात सदर अस्पताल पहुंचकर इलाजरत सुदीप का हालचाल जाना। सुदीप खड़िया की स्थिति खतरे से बाहर है। सोमवार को बीडीओ गुड़मा टांगरटोली गांव पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। बीडीओ ने कहा कि भीनसारी खड़िया पति के मजदूरी के लिए गोवा चले जाने से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वे अपने दोनों बच्चों के घर से बाहर निकलने पर काफी निगरानी में रखती थी। घर में धान और कुछ चावल भी हैं। ऐसी स्थिति में उसके समक्ष आर्थिक तंगी कैसे उत्पन्न होगी। इधर सदर अस्पताल में सुदीप का इलाज करा रहे पड़ोसी सुनीता देवी, शनिचर पाहन शनिचर ग्वाला का कहना है कि भिनसरी देवी पति के गोवा जाने के बाद अपने दोनों बच्चों की परवरिस को लेकर चिंतित थी। बीच-बीच में उसका स्वभाव भी बदल जाता था। वह बच्चों को खेलने के लिए इधर-उधर नहीं जाने देती थी। ग्रामीणों ने बताया कि भीनसारी के पास लाल कार्ड अपनी जमीन भी नहीं हैं। उसके पति ने घर के किनारे स्थित नदी के समीप की जमीन को खेती योग्य बनाया है। पति के बाहर चले जाने के बाद वहां खेती नहीं हो पा रही है। इधर पुलिस ने मां-बेटी के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पालकोट पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। गौरतलब है कि पालकोट थाना क्षेत्र के गुड़मा टांगरटोली निवासी भीनसारी खड़िया ने रविवार दोपहर करीब ढाई बजे एक वर्षीय बेटी सुरभि और आठ वर्षीय बेटे सुदीप खड़िया के साथ कीटनाशक खा लिया था। इससे मां-बेटी की मौत हो गई।
बच्चे का इलाज करते चिकित्सक पत्रकारों से बात करती पड़ोसी।