- Hindi News
- न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिल रही है मजदूरों को : राजेश
न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिल रही है मजदूरों को : राजेश
झारखंडमजदूर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह में गुमला और घाघरा का दौरा कर सरकारी निर्माण कार्य में लगे मजदूरों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना। चंदाली में पॉलिटेक्निक भवन निर्माण में लगे मजदूरों से प्रदेश अध्यक्ष राजेश सिंह ने मिलकर समस्याओं की जानकारी ली। मजदूरों ने बताया कि उन्हें सरकारी दर से कम मजदूरी मिलती है। साथ ही काम में लगे आधा से अधिक मजदूर बाहर के हैं। जो छत्तीसगढ़, बंगाल, हजारीबाग बिहार के मजदूर हैं। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से बनने वाले भवन में इस्तेमाल ईंट काफी घटिया है। बीपी कंस्ट्रक्शन द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। गुणवत्ता को ताक पर रखकर काम किया जा रहा है। काम में लगे मुंशी माजिद अंसारी ने भी कम मजदूरी देने की बात स्वीकार की। मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हो रहे भवन निर्माण में लगे मजदूरों से भी मुलाकात की। उन्होंने मजदूरों को सरकारी दर पर भुगतान करने, आठ घंटे से अधिक समय तक काम नहीं कराए जाने सहित बाल मजदूरी नहीं कराने की बात कही। उन्होंने प्रशासन से मनरेगा में बकाया मजदूरी भुगतान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गुमला-घाघरा मार्ग अच्छा होने के बाद भी निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जबकि लोहरदगा से घाघरा तक सड़क की स्थिति काफी खराब होने के बाद भी उसका काम नहीं हो पा रहा है।