- Hindi News
- शिक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण आधार है : वाल्टर कंडूलना
शिक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण आधार है : वाल्टर कंडूलना
>हिंदी दिवस धूमधाम के साथ संपन्न
भास्करन्यूज | गुमला
शास्त्रीनगर स्थित सांता पब्लिक स्कूल गुमला में मंगलवार को हिंदी दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्वयंसेवी संस्था आदिवासी महिला उत्थान केंद्र शास्त्री नगर और नेहरू युवा केंद्र गुमला की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पंजाब नेशनल बैंक गुमला के शाखा प्रबंधक वाल्टर कंडूलना थे। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आप एक अच्छी तालीम पा रहे हैं। शिक्षा जीवन का एक महत्वपूर्ण आधार है। इसे कोई छीन नहीं सकता। आप पढ़ेंगे तो आप भी बैंक में रोजगार पा सकते हैं। बैंक में काफी अवसर रहता है। उन्होंने बच्चों को उनके कैरियर एवं जीवन में आगे बढ़ने के कई टिप्स दिए। साथ ही उनके पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। मौके पर कक्षा प्रथम से पांच तक के बच्चों के बीच हिंदी भाषा में बैंक में बचत खाता खुलवाने संबंधी पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सुमन इंदवार प्रथम स्थान पर रही। द्वितीय स्थान पर सपना यादव एवं तृतीय स्थान पर नैनसी कुमारी रही। सभी विजयी प्रतिभागियों को एक डिक्शनरी देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति गीत एवं गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मौके पर विद्यालय के निदेशक हेमंत कुमार ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर नौवेट बेक, जसीनता बेक, पूनम उरांव, सरिता कुमारी, सुप्रिया श्रीवास्तव आदि मौजूद थे।