368 एसएसजी को एक करोड़ 84 लाख रुपए ऋण वितरित
{स्पीकर ने किया जिलास्तरीय ऋण वितरण शिविर का उद्घाटन {पांच प्रखंडों में चल रहा है आजीविका मिशन
भास्करन्यूज | गुमला
नगरभवन के सभागार में मंगलवार को केसीसी एनआरएलएम के तहत जिलास्तरीय ऋण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव, सिमडेगा विधायक प्रतिनिधि प्रतिमा देवी, डीडीसी नागेंद्र कुमार सिन्हा, झारखंड ग्रामीण बैंक के रीजनल मैनेजर एस कुमार ने दीप जलाकर किया।
अतिथियों ने 368 स्वयं सहायता समूहों के बीच एक करोड़ 84 लाख रुपए का ऋण वितरण किया। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य के 24 जिलों में से 17 जिले में एनआरएलएम का कार्यक्रम संचालित है। गुमला के पांच प्रखंडों में आजीविका मिशन क्रियान्वित है। महिला मंडलों का गठन कर विकास योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर स्वावलंबी बन रही हैं। सरकार ऋण के माध्यम से इन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाए सुदृढ़ होंगी, तो समाज राज्य विकसित होगा। उन्होंंने कहा कि स्वयं सहायता समूह को सरकार द्वारा बैंकों के माध्यम से अति निम्न ब्याज दर पर ऋण दिया जा रहा है। आप ऋण का सदुपयोग कर स्वावलंबी बनें। साथ ही समय पर ऋण राशि को चुकता करें। कार्यक्रम को जेएसएलपीएस के डीपीएम सुशील कुमार ने भी संबोधित किया। इस मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी कन्हैया किशोर राजहंस, भाजपा जिला अध्यक्ष सविंद्र कुमार सिंह, डीआरडीए के एपीओ इरफान आरिफ समेत 600 महिला मंडल के सदस्य उपस्थित थे।
लोन का सदुपयोग कर आगे बढ़ें
उपविकासआयुक्त ने एनआरएलएम के तहत चलाए जा रहे रोजगार विकासमुखी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि महिला मंडलों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ऋण मुहैया कराया जाता है। ऋण का सदुपयोग कर आप स्वावलंबन की राह पर अग्रसर हों। बैक से स्थायी रिश्ता बनाएं रखें। समय पर ऋण राशि चुकता करें। आगे और वृहत तरीके से ऋण मुहैया कराया जाएगा। एलडीएम ने कहा कि एनआरएलएम के तहत स्वयं सहायता समूह को बढावा देने के लिए कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। आप ऋण का सदुपयोग कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं। क्षेत्र की महिलाएं हर दिशा में बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
संबोधित करते स्पीकर दिनेश उरांव मंचासीन अन्य।