जहां नहीं है वहां सोलर सिस्टम से पहुंचेगी बिजली
किसानोंको सिचाई सुविधा मुहैया कराना जल संचयन कर खेतों तक पानी पहुंचाकर कृषि को बढ़ावा देना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिले में 80 फीसदी लोग कृषि पर आश्रित हैं। आज पानी के अभाव में किसान सालों भर खेती नहीं कर पाते हैं। जल संचयन होगा तो किसान साल में तीन बार खेती कर पाएंगे। जहां बिजली नहीं है उन गांवों में सोलर सिस्टम से बिजली पहुंचेगी।
यह बातें गुरुवार को डीसी श्रवण साय ने चैनपुर प्रखंड स्थित अपर शंख जलाशय परियोजना का निरीक्षण करने के बात कही। अधिकारियों का दल अति उग्रवाद प्रभावित चैनपुर के नवागाई से बाइक से अपर शंख जलाशय पहुंचा था।
उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियन्ता प्रभात कुमार से निर्माणाधीन कार्यों की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद डीसी स्थानीय समस्याओं से रूबरू हुए। सिलफरी नाला में बने डैम का भी अवलोकन किया औऱ जल संचयन करने के लिए स्टोरेज पावर को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त काम करने को कहा। वहीं बरवेनगर स्थित पुतरी झरिया में बने निर्माणाधीन चेकडैम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी भीमसेन टूटी, अभियान एसपी पवन सिंह, सहायक अभियंता अपूर नीतेश तिग्गा, दिवसीय तिर्की, रवि उरांव, प्रमुख ओलिभा कान्ता, उपप्रमुख सुशील दीपक मिंज, सीओ सुमंत तिर्की, बीडीओ कुमार बंधु कच्छप आदि लोग मौजूद थे।
धूल से सन गए थे अधिकारी
डीसीएसपी ने सुदूरवर्ती कटकाही, नवगाई, पुटरुगी, आकाशी बरवेनगर, केडेंग गांव में पहुंच कर स्थानीय लोगों का हालचाल जाना। प्रखंड में चल रहे विकास योजनाओं की जानकारी ली। जिले में योगदान देने के बाद पहली बार चैनपुर पहुंचे डीसी ने बाइक पर सवार हो पगडंडी के सहारे अपरशंख पहुंचे। खराब रास्ते होने के कारण डीसी के साथ पहुंचे अधिकारी धूल से सन गए थे। उपायुक्त ही नहीं, बल्कि साथ में पहुंचे कर्मी एक-दूसरे का चेहरा औऱ कपड़े को देख हंसते देखे गए। भ्रमण के दौरान जगह-जगह डीसी ने कर्मचारियों और सीआरपीएफ के जवानों से क्षेत्र के विकास की जानकारी ली।
15 दिन में करूंगा गांवों का दौरा
उपायुक्तने कहा कि वह 15 दिन में गांवों का भ्रमण करेंगे। एक सवाल के जवाब में कहा कि जन सहभागिता से ही क्षेत्र का विकास हो सकता है सिंचाई के साथ हमें शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली पर भी विशेष काम करना होगा। जहां बिजली नहीं पहुंची है, वहां सोलर सिस्टम से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। चैनपुर से नवगाई तक सड़क अत्यंत खराब है। ऐसी सड़कों को बनाना मेरी प्राथमिकता में रहेगा। उपायुक्त ने नवनिर्वाचित प्रमुख ओलिभा कान्ता उपप्रमुख सुशील दीपक मिंज को बधाई देते हुए विकास योजनाओं मे हर संभव मदद की बात कही।
अपर शंख जलाशय परियोजना का निरीक्षण करते डीसी, एसपी अन्य अधिकारी।