काम में तेजी लाएं अधिकारी : डीसी
{ मनरेगा आयुक्त के आगमन के मद्देनजर उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक
{कृषि योजनाओं में 20-25 फीसदी लक्ष्य प्राप्त, अब पूरा करना था 60 प्रतिशत काम
भास्करन्यूज | गुमला
दसफरवरी को मनरेगा आयुक्त के संभावित आगमन के मद्देनजर डीसी गौरी शंकर मिंज ने रविवार को अपने आवासीय कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों बीडीओ के साथ बैठक कर मनरेगा कृषि से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पाया गया कि कृषि से संबंधित योजनाओं पर अब तक 60 प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्त करना था, लेकिन महज 20-25 प्रतिशत की लक्ष्य प्राप्त हो सका है। इसपर डीसी ने काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि मनरेगा के तहत 2015-16 की योजनाओं का चयन ग्रामसभा में कर तीन दिनों के अंदर लेबर प्रजेंटेशन तैयार करें। साथ ही वर्क प्रजेंटेशन भी तैयार करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत प्रत्येक पंचायतों में सिंचाई कृषि से संबंधित एक-एक योजनाओं पर कार्य प्रारंभ करें। कार्य एजेंसी फील्ड में रहकर योजनाओं का क्रियान्वयन कराएं। जिले के वरीय पदाधिकारी प्रखंडों में जाएं। क्षेत्र भ्रमण कर क्रियान्वित योजनाओं से अवगत हों। डीसी ने अधूरे पंचायत भवनों को प्राथमिकता के आधार पर 31 मार्च तक पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में सामाजिक वाणिकी कार्यक्रम के अंतर्गत सड़कों के किनारे पेड़ लगाने, स्कूल गांव में खेल मैदान बनाने, आंगनबाड़ी केंद्रो में सब्जी उत्पादन के उद्देश्य से किचन गार्डन बनावाने आदि योजनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि इंडिविजुएल हाउस ऑफ लैटरिन कार्यक्रम के तहत सभी प्रखंड की दो-दो पंचायत का चयन करना है, ताकि इन पंचायतों के 90 प्रतिशत घरों में शौचालय का निर्माण किया जा सके। बैठक में डीसी ने सीएफटी मॉडल पर कार्य कर रहे स्वयंसेवी संस्था के सदस्यों को क्षेत्र में जाकर जनता से जुड़ने का निर्देश देते हुए कहा कि आइपीपीई योजना के साथ स्वयं सहायता समूह को जोड़ा जाए। उन्होंने मनरेगा के कार्य में मेठ के रूप में महिलाओं को जोड़ने का निर्देश बीडीओ को दिया।
बैठक में बताया गया कि उपायुक्त जिले के अधिकारियों के साथ सोमवार को रायडीह के कई क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं की समीक्षा निरीक्षण करेंगे। इस अवसर पर डीडीसी अंजनी कुमार, प्रशिक्षु आइएएस सूरज कुमार, डीपीओ अरुण कुमार, कार्यपालक अभियंता रवि सहाय, डीएफओ कुमार आशुतोष समेत सभी विभागों के अधिकारी सभी प्रखंड के बीडीओ उपस्थित थे।
बैठक करते उपायुक्त।