- Hindi News
- पीडीएस आंगनबाड़ी केंद्र की जांच में मिली गड़बड़ी
पीडीएस आंगनबाड़ी केंद्र की जांच में मिली गड़बड़ी
हैदरनगर | कार्यपालकदंडाधिकारी परमेश्वर कुशवाहा ने परता पंचायत अंतर्गत कबरा खुर्द गांव के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह के पीडीएस की मंगलवार को जांच की। अनुमंडल पदाधिकारी उदय कांत पाठक को इस पीडीएस की अनियमितता के संबंध में मिली ग्रामीणों की शिकायत के आलोक में यह जांच की गई है। जांच के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अक्टूबर माह में केरोसिन उपलब्ध नहीं कराए जाने को लेकर राशन कार्ड प्रस्तुत किया। इसमें केरोसिन उपलब्ध कराए जाने को लेकर इंट्री नहीं मिली। पर पीडीएस की पंजी जांच में वितरण किया गया पाया गया है।
जांच रिपोर्ट अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपी जाएगी। उधर बीडीओ सह प्रभारी सीडीपीओ विजय वर्मा ने कबरा खुर्द के आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल कोड-28 की जांच के दौरान केंद्र में बच्चों की उपस्थिति को नगण्य पाया। जबकि केंद्र में आंगनबाड़ी सेविका उर्मिला देवी सहायिका कुंती देवी मौजूद थीं। जांच में बीडीओ ने फूड उपमा वितरण पंजी के संधारण में पूर्णता नहीं पाई और इसके लिए सेविका को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि इस मामले में सेविका सहायिका को शो कॉज किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र में धातृ माताओं के बीच वितरण के लिए तीन दिसंबर को उठाव की गई सामग्री का वितरण कर रिपोर्ट समर्पित करने को कहा गया है। जांच के दौरान मुखिया गुप्तेश्वर पांडेय भी मौजूद थे। उन्होने पीडीएस आंगनबाड़ी नर्सरी स्कूल की जांच किए जाने की पुष्टि की है।