अनुमंडल कार्यालय पर प्रदर्शन, आपूर्ति पदाधिकारी को घेरा
हुसैनाबाद|प्रखंड कीदेवरी कला पंचायत के कुसुआ गांव के लोगों ने बुधवार को डीलर कलावती देवी के समर्थन और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी मो. गुलाम रब्बानी की कार्यप्रणाली के खिलाफ अनुमंडल कार्यालय पर जोरदार प्रर्दशन किया। लोगों ने रब्बानी को करीब 45 मिनट तक कार्यालय में घेरे रखा। कुछ लोगों ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। इसके बाद एसडीओ ने मामला को शांत कराया। उन्होंने कहा कि बगैर जांच किए निलंबन करने की जांच की जाएगी और न्याय संगत कारवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने गुलाम रब्बानी के विरुद्ध शिकायत पत्र एसडीओ सुरजीत कुमार सिंह को दिया। इसमें कहा कि कुसुआ गांव की डीलर कलावती देवी राशन केरोसिन का नियमित रूप से वितरण करती हैं। गत मंगलवार को हम सभी लाभुकों को खाद सुरक्षा बिल के तहत दो माह का राशन दिया जा रहा था। इस बीच अचानक बिना जांच प्रकिया अपनाए ही डीलर कलावती देवी को निलंबित कर दिया गया जो न्याय संगत नही है। इसके बाद कुछ लाभुकों को राशन नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस डीलर के निलंबन से दो किलोमीटर दूर जाकर राशन लेना पड़ेगा,जो काफी कष्टमय है।