खाद दुकानों का निरीक्षण
हुसैनाबाद | अनुमंडलपदाधिकारी उदयकांत पाठक के निर्देश पर प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने रविवार को अनुमंडल मुख्यालय के कई खाद दुकानों का निरीक्षण किया। इस क्रम में अधिकारियों ने कृषि विकास केंद्र, किसान खाद भंडार, मेहता बीज भंडार, अंदाज खाद एवं बीज भंडार तथा सुमित कृषि भंडार का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों से यूरिया डीएपी खाद के स्टाॅक मूल्य दर की भी जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों की उक्त टीम ने अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर बाजार की स्थिति से उन्हें अवगत कराया। बताते चले कि पिछले दिनों खाद की कालाबाजारी कृत्रिम किल्लत को लेकर उपायुक्त के हुसैनाबाद आगमन पर किसानों कई राजनीतिक दल के लोगों ने उनके समक्ष इस मुद्दे को उठाया था। निरीक्षण के उपरांत एसडीओ के अवासीय कार्यालय में खाद को सही मूल्य पर किसानों को उपलब्ध कराने कालाबाजारी रोकने को लेकर अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर मंत्रणा भी की। बाद में अनुमंडल पदाधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें कई किसानों से जानकारी मिली थी कि काफी अधिक मूल्य लेकर खाद बेची जा रही है। उन्होंने बताया कि यूरिया 12 रुपए प्रति किग्रा तथा डीएपी 32 से 35 रुपए प्रति किग्रा की दर से बेची जा रही है। इसे लेकर अनुमंडल प्रशासन ने अधिकारियों की टीम से निरीक्षण कराया है। उन्होंने बताया कि इसे लेकर प्रशासन सजग है और यथासंभव कदम भी उठाए जाएंगे। निरीक्षण टीम में कार्यपालक दंडाधिकारी परमेश्वर कुशवाहा, हुसैनाबाद के सीओ जितेंद्र कुमार मंडल, मोहम्मदगंज के सीओ वैभव द्विवेदी, बीएओ राजेश पाठक एवं एमओ मो जी रब्बानी शामिल थे।
फोटोः 20 अधिकारियों से मंत्रणा करते एसडीओ उदयकांत पाठक