- Hindi News
- महिला स्वयं सहायता समूहों की समस्याओं पर चर्चा
महिला स्वयं सहायता समूहों की समस्याओं पर चर्चा
जलडेगा. प्रखंडसभागार में शनिवार को महिला स्वयं सहायता समूहों तथा जनवितरण प्रणाली दुकान चला रहे समूहों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। प्रमुख एमलेन कोनगाड़ी की अध्यक्षता में हुई बैठक में महिला समूहों तथा पीडीएस दुकानदारों की समस्याओं पर चर्चा की गई। कोलोमडेगा खड़ियाटोली के महिला समूह की अध्यक्ष नीलिमा टेटे ने समिति की कोषाध्यक्ष निर्मला टेटे पर पीडीएस दुकान संचालन में मनमानी का आरोप लगाते हुए नई समिति का गठन करने एवं पीडीएस दुकान एवं गोदाम को निर्मला के घर से हटाने की मांग की।
रोशनी महिला स्वयं सहायता समूह जलडेगा की सदस्य शमीमा खातून ने समिति पदधारियों को बदलने की मांग की। बैठक में एफसीआई गोदाम के एमो के प्रतिनिधि मो. सबीर पर लगाए गए आरोपों के बारे में पूछताछ की गई। बैठक में एलईओ ने महिला स्वयं सहायता समूहों की साप्ताहिक बैठक करने, साप्ताहिक ऋण बांटने और साप्ताहिक ऋण वापसी के संबंध में दस्तावेज संधारण का निर्देश दिया। बैठक में मुखिया जयमिला लुगुन मौजूद थे।