चेंबर में घुसकर फादर को पिस्तौल दिखा धमकाने आया नक्सली गिरफ्तार
स्कूल के कर्मचारियों ने पिस्तौल समेत दबोचा पीएलएफआई एमन टोपनो को
भास्करन्यूज| जलडेगा/सिमडेगा
जलडेगाथाना क्षेत्र के भितबुना स्थित आरसी मवि के प्राचार्य फादर लियुस बूढ़ को पिस्तौल के बल पर धमकाने पहुंचे नक्सली को स्कूल के कर्मियों ने बुधवार को दबोच लिया। वहीं उसके साथ पहुंचा उसका सहयोगी भागने में सफल रहा। इसके बाद जलडेगा पुलिस को सूचना देकर नक्सली एमन टोपनो को पुलिस के हवाले कर दिया गया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में भय का माहौल है।
इधर एसपी राजीव रंजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि एमन टोपनो पीएलएफआई नक्सली है तथा जलडेगा क्षेत्र में सक्रिय पीएलएफआई कमांडर सिमोन के दस्ते में रहता है। वह कोलेबिरा के बोंगराम का रहने वाला है। बताया गया कि बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे प्रधानाध्यापक के कार्यालय से रही आवाजें सुनकर स्कूल के कर्मचारी वहां पहुंचे और पिस्तौल के साथ एमन को पकड़ लिया।
एमन को धराया देख बाहर खड़ा उसका साथी कमलेश लोहरा भाग निकला। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी मनोहर कुमार भितबुना पहुंचे और एमन को अपने कब्जे में ले लिया।